जौनपुर। जिले में अलग अलग हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक-युवती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दो दो लोग घायल भी हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुशहा गांव निवासी सूरजभान राजभर की बेटी प्रीति राजभर (18) जलालपुर थाना क्षेत्र के रेहटी गांव में अपने मामा के घर रहती थी। वह गुरुवार की रात मडिय़ाहूं थाना क्षेत्र के औरइया गांव निवासी चिंतामणि यादव के पुत्र जंगबहादुर यादव (24) के साथ बाइक से कहीं जा रही थी। रात में करीब 11 बजे वे जलालपुर थाना क्षेत्र के मकरा चौराहे के पास वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर पहुंचे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी रेहटी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस दोनों के शव जिला अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया। दूसरे दिन दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।
शाहगंज प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बाबू का पूरवा निवासी विजय बहादुर यादव (50) सुबह शाहगंज आने के लिए गांव के समीप सड़क किनारे वाहन के इंतजार में खड़े थे। उसी दौरान शाहगंज की ओर से तेज रफ्तार जा रही बोलेरो की चपेट में आ गए। बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए। जबकि विजय बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में लिए भेज दिया। उधर बोलेरो को छोड़कर उसमें सवार लोग फरार हो गए। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया है।
करंजाकला प्रतिनिधि के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खलीलपुर गांव निवासी अंकित सिंज्ञ्ह (35) पुत्र ओमप्रकाश सिंह जौनपुर से घर लौट रहे थे। वह बाइक से सिद्दीकपुर के पास पहुंचे थे तभी सामने उसी दिशा में जा रही बइक से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के थलोई गांव निवासी फूल चंद विश्वकर्मा (55) बाइक से मुस्तफाबाद बाजार गए थे। वहां से लौटते समय वह भिखारीपुर मोड़ के पास पहुंचे थे तभी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। वह बाइक से गिरकर सड़क किनारे गड्ढे में चले गए। अगल बगल के लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सीएचसी पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।