जौनपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई मारपीट की घटनाओं में घायल किशोर समेत तीन ने शुक्रवार की रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया है। खुटहन के कोकना गांव में घायल किशोर की मौत के बाद गुस्साए लोग सड़क पर आ गए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रयागराज-शाहगंज मार्ग पर आधे घंटे तक जाम रखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
खुटहन: पिलकिछा गांव की नकबी बस्ती निवासी मनीष गुप्ता (17) पुत्र अच्छेलाल का बगल की बस्ती के कुछ बच्चों से क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में बुधवार की शाम खुटहन बाजार से सामान खरीदकर साइकिल से घर जा रहे मनीष की कोकना गांव के पास कुछ युवकों ने पिटाई कर दी। पिटाई से मनीष को गंभीर चोट आई। परिजनों ने उसे वाराणसी के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया था, जहां शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही ग्रामीण उग्र होकर सड़क पर उतर आए। गांव के पास प्रयागराज-शाहगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एसओ जगदीश कुशवाहा ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। एसओ ने बताया कि कोकना गांव के सचिन उपाध्याय, मनीष उपाध्याय, सनी और अमित उर्फ डीटू उपाध्याय पर मारपीट और शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई थी। उन पर गैर इरादतन हत्या का केस भी दर्ज कर लिया गया है। सनी और अमित उर्फ डीटू को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। बदलापुर: कस्बे के भलुआही वार्ड में रास्ते के विवाद को लेकर तीन जून को दो पक्षों में लाठी-डंडे से जमकर मारपीट हुई थी। इसमें एक पक्ष से घायल गुड्डू उर्फ मोबीन (40) की शुक्रवार की रात बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित पक्ष इब्राहिम की तहरीर पर दूसरे पक्ष के 15 लोगों के विरुद्ध गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया था। युवक की मौत के बाद सभी पर गैर इरादतन हत्या की धारा भी बढ़ा दी गई है। एक आरोपी मुहम्मद जलील को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अस्पताल में भर्ती दूसरा आरोपी मुनीर को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। गौराबादशाहपुर: थाना क्षेत्र के बिथार गांव में एक सप्ताह पूर्व झाड़-फूंक को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने थाने के चौकीदार श्रीराम राजभर (45) की पिटाई कर दी थी। वह महिला की झाड़-फूंक करने उसके घर गया था। वहां महिला के परिजनों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रुप से घायल चौकीदार का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार की रात उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र रामकेश राजभर की तहरीर पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।