जौनपुर। जिले में बुधवार को कोरोना से दो महिलाओं समेत तीन की मौत हो गई जबकि 212 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। महराजगंज क्षेत्र में एक 57 वर्षीय पुरुष, बदलापुर में 70 वर्षीय महिला और मछलीशहर में 60 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत हुई है।
मंगलवार को कुल 9111 जांच रिपोर्ट आई जिसमें 212 कोरोना से संक्रमित मिले हैं। इसमें एंटीजन टेस्ट में 43, आरटीपीसीआर की जांच में 147 और ट्रूनॉट से हुई जांच में 22 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 161 मरीज ठीक होकर घर गए। रिपोर्ट के आकड़ों पर गौर करें तो एंटीजन किट से हुई जांच में पॉजिटिव रिपोर्ट की दर 0.52 फीसदी है जबकि आरटीपीसीआर से हुई जांच में संक्रमितों की दर 19.97 फीसदी है। कुल मिलाकर पॉजिटिव रेट 2.32 फीसदी है। बुधवार को जिले में कोरोना से हुई तीन की मौत के साथ अब जिले में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 203 हो गई है। जबकि एक्टिव केस की संख्या 2739 है। इनमें 319 मरीजों का इलाज विभिन्न कोविड अस्पतालों में चल रहा है। इसमें जिला पुरुष अस्पताल में 58 मरीज आक्सीजन पर हैं। 161 मरीजों का उपचार प्राइवेट कोविड अस्पतालों में चल रहा है। जिले में 64 मरीज ऐसे हैं जिनका पता अपूर्ण होने के चलते उनसे सम्पर्क नहीं हो पा रहा है।