जौनपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। रामपुर में मायके से घर लौट रही बाइक सवार महिला डंपर की चपेट में आ गई तो केराकत और मुंगराबादशाहपुर में नाले में गिरने से बाइक सवारों ने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर मोड़ के पास रविवार की सुबह एक युवक का शव पानी भरे गड्ढे में पाया गया। सरकी चौकी प्रभारी राजनारायन चौरसिया व केराकत कोतवाल विनय प्रकाश सिंह ने मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकलवाया तो उसकी पहचान मो ताहिर पुत्र गुलशाद शेख (20) निवासी ग्राम बैरीडीह थाना देवगांव आजमगढ़ के रूप में हुई। सूचना पाकर मृतक का चचेरे भाई मो अरशद निवासी बैरीडीह मौके पर पहुंचा। बताया कि मो ताहिर के बहन की शादी केराकत के ग्राम गंगापुर डेहरी में हुई है। वह अपनी बहन के यहां आने के लिए शनिवार की रात स्कूटी से निकला था। पुलिस के मुताबिक वह असंतुलित होकर सुल्तानपुर अंधा मोड़ के पास पानी भरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मड़ियाहूं क्षेत्र के मोहगंज बेलवा निवासी लालचंद पाल की पत्नी अमृता (20) बेटे ओमप्रकाश के साथ बाइक से अपने मायके भदोही के नई बाजार सोनहर गांव से घर लौट रही थी। रामपुर बाजार स्थित सब्जी मंडी के पास उसी दिशा से आ रही डंपर ने बाइक को चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर ही अमृता की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक सहित शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के जंघई रोड पर स्थित गरियांव बाजार के पास रविवार की रात बाइक सवार युवक सड़क के बगल नाले में बाइक लेकर गिर गया। गड्ढे में पानी भरा होने से उसकी से मौत हो गई। उरई जालौन निवासी प्रशांत वर्मा (25) पुत्र शशिकांत वर्मा गरियांव में रहकर जंघई रेलवे स्टेशन के समीप फाइबर कंपनी में काम करता था। रोज की तरह रात को बाइक से ड्यूटी करने जा रहा था। गरियांव के पास सड़क के किनारे नाले में गिर पड़ा। वह बाइक के नीचे दब गया। गड्ढे मे पानी होने से वह उठ नहीं सका। एसआई मनोज पांडेय ने शव को नाले से निकलवाया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।