वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सत्र 2016 की परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल के आरोपी 58 परीक्षा केंद्रों में से 55 कालेजों को बहाल कर दिया गया है। यह कालेज परीक्षा केंद्र तो बनाए जाएंगे लेकिन इन केंद्रों पर बाह्य केंद्राध्यक्ष और पर्यवेक्षकों की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा संचालन समिति ने तय किया है कि इन कालेजों के छात्राएं इसी केंद्रों पर परीक्षा देंगी। जबकि छात्र दूसरे केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में शामिल होंगे। शेष तीन आरोपी परीक्षा केंद्रों को डिबार कर दिया गया है। इन केंद्रों को परीक्षा केंद्र ही नहीं बनाया गया। इन कालेजों के छात्र नजदीक के दूसरे केंद्र पर पर होने वाली परीक्षा में शामिल होंगे।
विश्वविद्यालय के परीक्षा संचालन समिति की गुरुवार को हुई बैठक में समिति के सामने विगत वर्ष की परीक्षा के दौरान नकल के आरोप में पकड़े गए 58 कालेजों का मामला रखा गया। परीक्षा समिति को निर्णय लेना था कि नकल के आरोपी इन केंद्रों को परीक्षा केंद्र बनाया अथवा नहीं। कालेजों पर लगाए गए आरोपों का समीक्षा करने के बाद समिति ने तय किया कि आरोपी 58 कालेजों में से 55 को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। लेकिन इन केंद्रों पर बाह्य केंद्राध्यक्ष और पर्यवेक्षक की तैनाती में परीक्षा कराई जाएगी।
इन कालेजों में पंजीकृत छात्राएं इन्हीं केंद्रों पर परीक्षा देगी लेकिन छात्र नजदीक के किसी दूसरे केंद्र पर परीक्षा देंगे। सामूहिक नकल के आरोपी आजमगढ़ के दो परीक्षा केंद्र और मऊ जिले के एक केंद्र को डिबार कर दिया गया। इन तीनों केंद्रों को सत्र 2017 में परीक्षा के लिए केंद्र नहीं बनाया जाएगा। इनके छात्र दूसरे केंद्रों पर परीक्षा देगे। दागी कालेजों को हिदायत दी गई की वह परीक्षा की सुचिता और पारदर्शिता को बनाए रखने में सहयोग करेंगे तभी अगले सत्र में उन्हें परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा।
परीक्षा संचालन समिति की बैठक में डा. समर बहादुर सिंह, डा. शिवशंकर सिंह, डा. विजय सिंह, डिप्टी रजिस्टार संजीव सिंह, परीक्षा अधीक्षक विनोद तिवारी, संजय सिंह, राकेश श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।