थानागद्दी। थानागद्दी पुलिस चौकी को बृहस्पतिवार की देर रात वाराणसी जिले में तीन दिन पहले सेल्समैन से हुई ढाई लाख रूपये के लूट के मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद पकड़े गए इन आरोपियों को सिंधैरा पुलिस अपने साथ लेकर चली गई।
तीन दिन पहले वाराणसी जिले के सिंधौरा थाना क्षेत्र में तीन बाइक सवार बदमाशों ने शराब कंपनी के सेल्समैन से असलहे के बल पर ढाई लाख रुपये की छिनैती की थी। वाराणसी-जौनपुर का बार्डर होने के कारण सिंधौरा पुलिस ने थानागद्दी पुलिस को भी सीसीटीवी फुटेज और फोटो उपलब्ध कराया था। लूट का पर्दाफाश करने के लिए थानागद्दी चौकी प्रभारी संतोष कुमार यादव ने सिपाही लल्लन सिंह, मिथलेश सिंह और रमेश यादव की एक टीम बनाई। टीम को सुराग मिला कि सिंधौरा थाना क्षेत्र में ढाई लाख की लूट करने वाले सभी अपराधी थानागद्दी क्षेत्र के है। इस मामले में पिछले 24 घंटे में पुलिस ने लगभग एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अंतत: पुलिस को सफलता मिल ही गई। बृहस्पतिवार की देर रात पुलिस ने शक के आधार पर बेहड़ा गांव के इंद्रजीत यादव उर्फ इंदल को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर उसने तो पहले छिनैती की बात स्वीकार नहीं की, लेकिन उसने अपने दो साथियों का नाम बताया कि वे लूट में शामिल हो सकते हैं। जब पुलिस ने उन दोनों को उठाया तो पता चला कि इन्हीं तीनों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। कड़ाई से पूछताछ में जब पुलिस ने इंद्रजीत से लूट में प्रयोग असलहे की बात पूछी तो उसने बताया कि जब मुझे पुलिस की जीप में बैठाया गया तो असलहे को मैंने जीप में ही छिपा दिया। आरोपियों की निशानदेही पर असलहा और लूट का पैसा थानागद्दी पुलिस ने बरामद किया। इसके बाद पकड़े गए तीनों आरोपियों को सिंधौरा पुलिस को सौंप दिया।