कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने नकल विहीन परीक्षा कराने का निर्देश दिया। कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले जेल जाएंगे, कारावास भी हो सकता है। परीक्षा केद्रों पर शुक्रवार से प्रश्न पत्र भेजे जाएंगे।
डीएम डा. दिनेश चंद्र ने कहा कि परीक्षा में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता लाना है। परीक्षा को प्रभावित करने वाले दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का प्रावधान है।
परीक्षा संस्था के अधिकारी, कर्मचारी अथवा परीक्षा के संचालन के लिए लगाए गए प्रबंधन व कर्मचारी द्वारा परीक्षार्थी को अनुचित सहायता देने पर 10 साल का कारावास एवं 10 लाख का जुर्माना देना होगा।
एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सशस्त्र बल की व्यवस्था की गई है। नकल रोकने के लिए क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष की पेट्रोलिंग होगी। केंद्र व्यवस्थापकों की सुरक्षा की जाएगी।
बैठक में एडीएम भू-राजस्व अजय अम्बष्ट,नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, डीआईओएस राकेश कुमार, बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल आदि उपस्थित रहे।