जौनपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वर्ष 2025-26 में इस बार कुल 961 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत 80 फीसदी ब्लाॅकों में व 20 फीसदी शहरी क्षेत्रों में विवाह कराया जाएगा। पिछले साल जिले में सामूहिक विवाह का लक्ष्य 1400 रखा गया था।सरकार ने विवाह सहायता राशि बढ़ा दी है। पहले इस योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती थी। अब इसे बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है। इस फैसले से गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत इस योजना का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों की बेटियों की शादी को सरल और गरिमापूर्ण बनाना है। बढ़ी हुई धनराशि में से एक हिस्सा शादी के आयोजन पर खर्च किया जाएगा जबकि शेष राशि वधू को आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान की जाएगी, जिससे नवविवाहित जोड़ा अपने भविष्य की शुरुआत सशक्त रूप से कर सकेगा। धनराशि बढ़ने से न केवल विवाह खर्च में सहायता मिलेगी, बल्कि समाज में व्याप्त दहेज प्रथा पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। यह योजना सामाजिक समरसता, समानता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
आवेदन के लिए यह लगेंगे अभिलेख :-आवेदक का आधार कार्ड, आवेदक का निवास प्रमाण पत्र, आवेदक का आय प्रमाण पत्र, आवेदन का जाति प्रमाण पत्र, शादी करने वाले दोनों व्यक्तियों की फोटो, अन्य आवश्यक दस्तावेज।