सुईथाकला/मड़ियाहूं। क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर बृहस्पतिवार की रात चोरों ने दो दुकानों से हजारों का माल उड़ा दिया। सरपतहां के सरायमोहिद्दीनपुर चौकी से चंद मीटर की दूरी पर स्थित इलेक्ट्रानिक्स की दुकान को चोरों ने निशाना बताया तो मड़ियाहूं के ऊंचनी खुर्द में ऑटो पार्ट्स की दुकान में चोरी की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
चौकी क्षेत्र के बुढ़ूपुर गांव निवासी साहबाज आलम चौकी से महज कुछ ही दूरी पर (खुटहन रोड) इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह बृहस्पतिवार की शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात्रि में चोरों ने नकब लगाकर दुुकान से करीब 50 हजार का सामान उड़ा दिया। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने दुकानदार को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। चौकी क्षेत्र में महज 20 दिन के अंदर ही चोरी की यह दूसरी वारदात है। करीब 20 दिन पूर्व अखंडनगर रोड स्थित विजय प्रताप बिंद के दरवाजे से बोलेरो चोरी हुई थी, जिसका पुलिस अब तक पता नहीं लगा पाई है। उधर, मड़ियाहूं के उंचनी खुर्द गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने स्थित अलख निरंजन गौतम के ऑटो पार्ट्स की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों का माल उड़ा दिया। दुकान मालिक अलख निरंजन गौतम रोज की तरह बृहस्पतिवार की शाम दुकान बंद कर घर चले गए। शुक्रवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने मोबाइल से गौतम को सूचना दुकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे अलख निरंजन दुकान के अंदर गए तो सामान गायब था। करीब एक लाख की चोरी का आरोप है। तहरीर के आधार पर मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस छानबीन में जुट गई है।