दिवाली पर ओलंदगंज बाजार में सजी सजावट की दुकान। संवाद
जौनपुर। दीपों के पर्व दीपावली की पूर्व संध्या पर रविवार को बाजारों में रौनक रही। लोगों ने जमकर खरीदारी की। इससे दुकानदारों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। रविवार होने के कारण शहर के प्रमुख बाजारों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। खरीदारी के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इससे बाजारों में मेले जैसा माहौल रहा।
नगर के ओलंदगंज, शाही पुल, कोतवाली, बड़ी मस्जिद, और चहारसू इलाके में दुकानदारों ने रंग-बिरंगी सजावट कर ग्राहकों का स्वागत किया। खासकर मिठाई, कपड़ों, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सजावटी सामान की दुकानों पर भारी भीड़ रही। महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। जो नए कपड़े, दीये, पटाखे और सजावटी सामान खरीदते नजर आए।
बाजारों में चाइनीज लाइट्स के साथ ही ओलंदगंज में देशी मिट्टी के दीयों और मूर्तियों की भी अच्छी खासी मांग रही। स्थानीय कुम्हारों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। वहीं, मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ इतनी ज्यादा भीड़ रही कि दुकानदारों को अतिरिक्त स्टाफ लगाना पड़ा। कई दुकानदारों ने विशेष छूट और ऑफर्स के जरिए ग्राहकों को आकर्षित किया। ग्राहक अनुराग मिश्रा, पवन गुप्ता, राजकुमार जायसवाल ने बताया कि दीपावली पर्व लोगों के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा भरता है। ऐसे में खरीदारी करना और अपने घर को सजाना इस त्योहार की आत्मा है। उधर, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस मुस्तैद नजर आई। भीड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की थी, ताकि वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को राहत मिल सके। कई जगह पुलिस कर्मी पैदल गश्त करते नजर आए।