सुइथाकला। सरपतहां थाना क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार में शनिवार की रात आभूषण की दो दुकानों में सेंध लगाकर चोर लाखों की नकदी समेत सोने व चांदी के आभूषण उठा ले गए। दुकान मालिकों को घटना की जानकारी रविवार की सुबह हुई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
खेतासराय निवासी विजय कुमार सेठ की शिवम ज्वेलर्स के नाम से बाजार के सूरापुर मार्ग पर और उससे थोड़ा आगे बड़ागांव निवासी ओम प्रकाश सोनी की आभूषण की दुकान है। शुक्रवार देर शाम मकान मालिक कयामुद्दीन की मां का निधन हो जाने शनिवार को अधिकतर दुकानें बंद रही। बाजार में सन्नाटा था। रात में चोर शिवम ज्वेलर्स में सीढ़ी के बगल से छत काटकर तथा ओम प्रकाश सोनी की दुकान में पीछे से सेंध काटकर अंदर घुस गए। दोनों ही दुकानों में रखी तिजोरी तोड़ कर उसमें रखा पूरा सामान उठा ले गए।
पीड़ित ओम प्रकाश सोनी ने बताया कि उनकी दुकान से छह किलो चांदी सहित पंद्रह ग्राम सोना जिसकी कीमत लगभग चार लाख रुपये था। जबकि शिवम ज्वेलर्स से आधा किलो चांदी व दो ग्राम सोना जिसकी कीमत लगभग पचास हजार बताई जा रही है चोर ले गए हैं। थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया कि तहरीर पर पुलिस छानबीन कर रही है।