बदलापुर थाना क्षेत्र के तियरा मोड़ के पास सोमवार की शाम करीब 7 बजे बाइक सवार तीन लोगों ने तमंचा से आतंकित कर महिला के गले से चेन व नकदी लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के भाई व एक राहगीर को मारपीट कर घायल कर दिया।
खुटहन थाना क्षेत्र के गढ़ा गोपालापुर गांव निवासी प्रेम दूबे अपनी बहन दीपा को उनकी ससुराल चांदा सुल्तानपुर छोड़ने जा रहे थे। वह तियरा मोड़ के पास पहुंचे थे, तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने प्रेम को तमंचा से आतंकित कर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने मारपीट कर दीपा के गले से सोने की चेन व पर्स में रखे 5 हजार रुपये लूट लिया। बदमाश लूटपाट कर ही रहे थे कि आसपुर देवसरा थाने के उदई शाहपुर गांव निवासी उमाशंकर व रमाशंकर यादव भी पहुंच गए और लूट का विरोध करने लगे। इस पर बदमाशों ने तमंचा की मुठिया से मारपीट कर दोनों को घायल कर दिया और उनकी मोबाइल व नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बदलापुर ले गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।