बिजली समस्या को लेकर शनिवार की शाम को कोतवाली के पास लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम कर रहे लोगों ने कहा कि आए दिन ट्रांसफार्मर फूंका रहता है।
गर्मी में जनता के साथ व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। शिकायत की जाती है तो कोई सुनवाई नही होती। डेढ़ घंटे तक चले जाम से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
खबर मिलने पर पहुंचे कोतवाल ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवाया।शहर के हरलालका रोड पर स्थित ट्रांसफार्मर दो दिन पहले खराब हो गया था।
शिकायत की गई तो लाइन मैन आए और ट्रांसफार्मर की मरम्मत की, लेकिन शनिवार सुबह फिर फूंक गया। गर्मी से बिलबिलाए लोग शनिवार को शाम चार बजे सड़क पर आ गए।
सड़क पर बांस और सीढी रखकर सड़क जाम कर दिया। बिजली विभाग के खिलाफ नारे बाजी करने लगे। सड़क जाम कर रहे लोगाें ने बताया कि वैसे ही पर्याप्त बिजली नही मिल रही है।
ऊपर से आए दिन बिजली विभाग की व्यवस्था ही खराब रहती है। तीन दिन पहले ट्रांसफार्मर में कोई खराबी आ गई थी। इससे लोगों को बिजली आपूर्ति नही हो पा रही थी।
कई बार शिकायत की गई तो लाइन मैन ने ट्रांसफार्मर की खराबी दूर की। शनिवार को सुबह फिर ट्रांसफार्मर जल गया। बिजली नही होने से लोग अपने घरों में गर्मी से बिल बिला रहे हैं।
व्यापार प्रभावित हो रहा है। खबर मिलने पर पहुंचे कोतवाली सीबी सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर जाम कर रहे लोगों का आश्वासन दिया कि रविवार को ट्रांसफार्मर दूसरा लग जाएगा।
इसके बाद लोग सड़क से हटे। जाम करने वालों में सोनू सेठ, नसीम, इरफान, आशिफ, महेंद्र, ताज मोहम्मद, बृजलाल साहू आदि शामिल थे।