जौनपुर। शाहगंज, मड़ियाहूं, गौराबादशाहपुर, सिपाह मानिक चौक और मछलीशहर में बुधवार की रात में रामलीला में भरत मिलाप की लीला का मंचन हुआ। भगवान श्रीराम और भरत सहित चारों भाइयों के मिलन का दृश्य देख श्रद्धालु भावुक हो उठे। पुष्पवर्षा, आकर्षक झांकियों और जय श्रीराम के उद्घोष से नगर गूंज उठे। आठ तरह की झांकियां सजाई गईं थीं। कहीं आधी रात तो कहीं भोर में मिलन हुआ। सिपाह के मानिक चौक में श्री रामलीला व भरत मिलाप समिति की ओर से दशहरा और भरत मिलाप का आयोजन किया गया। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्रीराम-रावण युद्ध के मंचन के बाद रावण दहन हुआ। इसके बाद श्रीराम और भरत के मिलन का दृश्य देख श्रद्धालु भावुक हो उठे।
विज्ञापन
पुष्पक विमान से निकाली गई शोभायात्रा
शाहगंज। श्री संगतजी मंदिर से प्रभु श्रीराम का गरुड़ पुष्पक विमान निकला। कहारों के कंधों पर सजा विमान अलीगंज और घासमंडी चौक होते हुए गुरुवार की भोर में पुराना चौक पहुंचा। यहां चारों भाइयों का मिलन हुआ। शोभायात्रा में आठ आकर्षक झांकियां (लाग), दुर्गापूजा प्रतिमाएं, मिलिट्री बैंड और कीर्तन मंडली शामिल रही। हनुमान और सुग्रीव की भूमिका में युवा कलाकार भी साथ चले। झांकियों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कीर्तन मंडली ने ‘राम जी तिहारो चरित मनोहर गावैं सकल अवधवासी’ का गायन किया।
जब गले मिले चारों भाई तो महिलाओं ने की पुष्पवर्षा
मड़ियाहूं। रंग-बिरंगे झालरों से सजे नगर में बुधवार की रात में भरत मिलाप देखने के लिए श्रद्धालु जुटे। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर भगवान शंकर, माता पार्वती, हनुमान जी और मां भद्रकाली की झांकियां निकाली गईं। गुरुवार की भोर करीब चार बजे गोला बाजार में श्रीराम और भरत सहित चारों भाइयों का मिलन हुआ। मकानों की छतों से महिलाओं ने पुष्पवर्षा की।
विज्ञापन
भरत के प्रेम, त्याग और समर्पण की लीला का मंचन
गौराबादशाहपुर। कस्बे में बुधवार की रात में गौरा और बंजारेपुर की समितियों ने भव्य झांकियां निकालीं। आजमगढ़, जौनपुर और प्रतापगढ़ समेत कई जिलों के कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। रामलीला में भरत के प्रेम, त्याग और समर्पण का मंचन किया गया। राम-भरत मिलन के दौरान जय श्रीराम के जयकारे गूंज उठे। देर रात तक हजारों महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे। डीजे प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। संचालन अंकित सेठ ने किया।
मछलीशहर में रात दो बजे मिले चारों भाई
मछलीशहर। भरत मिलाप मेले में बुधवार की रात में चारों भाइयों का मिलन हुआ। रात करीब दो बजे सराय मोहल्ले में रामलीला समिति के मंच पर मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविह्वल हो उठे। पूजा महासमिति के तत्वावधान में आयोजित मेले में दर्जनों चौकियों पर कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।