जौनपुर। पिछले करीब एक सप्ताह के इंतजार के बाद मंगलवार को शहर से लेकर गांव तक तेज बारिश हुई। जिले में 10 एमएम बारिश रिकार्ड की गई । बारिश के चलते उमस से काफी राहत मिली है। धान की फसल को भी फायदा हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी अगले पांच दिनों तक बारिश हो सकती है।
इधर करीब एक सप्ताह से तेज बारिश नहीं हुई थी जिससे उमस बढने से लोग बेहाल थे। सोमवार की शाम को हल्की बारिश हुई लेकिन मौसम में उमस बरकरार रही। मंगलवार को सुबह करीब सात बजे ही आसमान में काली घटाएं छा गई और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। खेतों में पानी लग गया। कई दिनों से तेज बारिश न होने के कारण धान की फसल के लिए सिंचाई की आवश्यकता बढने लगी थी। ऊपर के खेतों में रोपे गए धान के खेत सूखने लगे थे। जिससे किसान आसमान की ओर निहार रहे थे। कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा के मौसम वैज्ञानिक पंकज जायसवाल ने बताया कि 10 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उन्होंने बताया कि अभी अगले पांच दिनों तक बारिश के आसार हैं। बारिश के दौरान किसान फसलों में कोई भी कींटनाशक या अन्य दवाओं का छिड़काव न करें। बारिश के चलते दवाओं का असर फसलों पर नहीं होगा। बारिश से मौसम सुहाना जरूर हुआ लेकिन शहर में नालियों की सफाई न होने के कारण निचले इलाकों में काफी देरतक सड़कों पर काफी देरतक पानी जमा रहा। शहर को पान दरीबा, मोहल्ला मीरमस्त, ताड़तला, मुल्ला टोला, पुरानी बाजार, शेख मोहामिद, खासनपुर आदि निचले इलाकों में देरतक पनी सड़क पर लगा रहा। जिससे लोगों को परेशानी हुई। क्षतिग्रस्त सड़कों पर बने गड्ढों में एक बार फिर बारिश का पानी भरने से आवागमन में परेशानी बढ़ गई।