जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर गांव के पास से 24 जून को हुई ट्रक लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में उनके पांच अन्य साथी फरार है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गी हैं। एसपी ने फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। पकड़े गए आरोपियों से ट्रक में लगा जीपीएस, चालक का मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस लगातार इस घटना को मनगढंत बताती रही है और काफी दबाव के बाद केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी अशोक कुमार ने बताया कि कार सवार बदमाशों ने 24 जून की रात सीहीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से एक ट्रक लूट लिया था। चालक-खलासी को अगवाकर कुछ दूर तक ले गए और फिर उन्हें बाबतपुर के पास छोड़कर ट्रक लेकर फरार हो गए। मामले में केस दर्ज कर लाइन बाजार पुलिस छानबीन में जुटी थी। सोमवार की रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इस लूट में शामिल प्रयागराज के मऊ आइमा इलाके के दुबहीं गांव के तौफीक आलम व सादिक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने ट्रक लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर 20-20 हजार रुपये और ट्रक चलक का मोबाइल बरामद हुआ। एक आरोपी शीबू उर्फ शहंशाह निवासी मउआइमा के घर से ट्रक में लगा जीपीएस बरामद हुआ है। शीबू की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने इस घटना में शीबू समेत पांच अन्य साथियों का भी नाम बताया है।
इसमें राजू उर्फ समीर निवासी अधियारी थाना नवाबगंज, मन्नू निवासी तौकलपुर थाना मांधाता जिला प्रतापगढ़, वाराणसी के अशोक विहार कॉलोनी का शैलेंद्र उर्फ सोनू सिंह और विकास शामिल हैं। इसमें शैलेंद्र सिंह उर्फ सोनू खुद को क्षत्रिय महासभा युवा का प्रदेश संगठन मंत्री बताता है। उनकी तलाश की जा रही है। एसपी ने बताया कि बदमाशों ने प्रतापगढ़, प्रयागराज सहित अन्य जिलों में भी लूटपाट की है। उनके गैंग को अंतर जोनल गैंग के रुप में पंजीकृत करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ऐसे बनाई योजना और दिया घटना को अंजाम
जौनपुर। एसपी ने बताया कि घटना के दिन सादिक, तौफीक और शीबू मन्नू के घर पहुंचे, जहां राजू उर्फ समीर पहले से कार लेकर मौजूद था। वहीं पर ट्रक लूटने और वाराणसी के शैलेंद्र सिंह उर्फ सोनू के माध्यम से बेचने की योजना बनाई। इसके बाद तौफिक आलम, सादिक, शीबू उर्फ शहंशाह, राजू उर्फ समीर चारों कार से देल्हूपुर बाजार होते हुए जौनपुर पहुंचे। शहर के नजदीक सीहीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास वाराणसी की ओर से आ रहे ट्रक को रोककर चालक व खलासी को असलहे के बल पर कार में बैठा लिया।
फिर ट्रक लेकर वाराणसी की ओर चले गए। बाबतपुर के पास चालक-खलासी को कार से उतार दिया। ट्रक लेकर भदोही होते हुए कपसेठी चौराहा पहुंचे। वहां राजू उर्फ समीर ने मन्नू से संपर्क किया। करीब दो घंटे बाद मन्नू, विकास और शैलेंद्र उर्फ सोनू कार से पहुंचे। तीन लाख में ट्रक का सौदा तय हो गया। सोनू ने 1.20 लाख रुपया राजू को दिया। बाकी पैसे समीर के खाते में भेजने को कहा। वहां से वे प्रयागराज चले गए।