बैंकों में कैश की किल्लत के चलते हालात बेकाबू हो रहे हैं। बैंकों में कैश की समस्या शीघ्र समाप्त नहीं हुई तो कानून व्यवस्था को संभाल पाना पुलिस के लिए चुनौती बनने से भी इनकार नहीं किया जा सकता। गुरुवार को यूबीआई समेत कई बैंकों की शाखाओं में कैश न होने के चलते लोगों को भुगतान नहीं किया जा सका।
जलालपुर के त्रिलोचन बाजार में लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। खेतासराय, खुटहन, तेजीबाजार, नेवढ़िया आदि इलाकों में भी बैंक से कैश न मिलने से खफा लोग सड़क पर उतरे। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवाया। इस दौरान लोगों ने बैंक प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार यूबीईई की त्रिलोचन शाखा में पैसा न होने की वजह से बैंक का ताला नहीं खुला। सुबह से बैंक खुलने का इंतजार कर रहे लोगों का सब्र का बाध टूट पड़ा और लोग सड़क पर उतर आए। वाराणसी-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया।
पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर घंटे भर बाद जाम समाप्त करवाया। लोगों ने बैंक प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। नेवढ़िया प्रतिनिधि के अनुसार यूबीआई की सीतमसराय शाखा में लगातार तीसरे दिन भी पैसा न मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
सुबह 9 बजे से लाइन में खड़े खाता धारकों को जब यह पता चला कि आज भी पैसा नहीं मिलेगा तो लोगों ने जलालपुर-मड़ियाहूं मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर घंटे भर बाद जाम समाप्त करवाया।
खुटहन प्रतिनिधि के अनुसार गोमती संयुत ग्रामीण बैंक की गौसपुर शाखा में कई दिनों से पैसा नहीं मिल रहा। गुरुवार को भी बैंक में पैसे नहीं मिले तो आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए और खुटहन-जौनपुर मार्ग को जाम कर दिया।
यहां खाते से रुपए निकालने पहुंची गुलरा गांव की शीला, अवतारी, निशा, सुतौली की मंजू, ताजूपुर की शकुन्तला, बड़नपुर के मंगला,शेखूपुर की शनिचरा व मालती ने बताया कि एक सप्ताह से वे रोज पैसा निकालने के लिए बैंक आती हैं और खाली हाथ लौटना पड़ता है।
गौराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार यूबीआई की स्थानीय शाखा से रुपये न मिलने पर लोगों ने बैंक के सामने जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग को जाम कर दिया। खेतासराय प्रतिनिधि के अनुसार लगातार दूसरे दिन भी यूबीआई की खेतसराय शाखा से भुगतान न होने से आक्रोशित लोगों ने बैंक के सामने जौनपुर-शाहगंज मार्ग को जाम कर नारेबाजी की।
पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त करवाया। शाखा प्रबन्धक सन्तोष यादव का कहना है बी एस एन एल की केबल कट जाने से नेटवर्क नही है। इसलिए 11 बजे के बाद बैंकिंग का काम ठप हो गया। महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसास यूबीआई की तेजीबाजार शाखा से भी पैसे नहीं मिले तो लोगों ने चौराहे पर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने जाम समाप्त करवाया।