यूबीआई की घनश्यामपुर शाखा और ओरियंटल बैंक की खेतासराय शाखा से रुपये निकालने आए लोगों का आक्रोश उस वक्त फूट पड़ा जब पता चला कि बैंक में कैश नहीं है और आज लोगों को भुगतान नहीं हो सकेगा।
कैश न मिलने से गुस्साए लोगों ने घनश्यामपुर बाजार में शाहगंज-इलाहाबाद मार्ग और खेतासराय में शाहगंज जौनपुर मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम को खत्म कराया।
इस दौरान वाहनों की लंबी कतरारें लग गई थी। यूनियन बैंक की घनश्यामपुर शाखा से रुपये निकालने के लिए सुबह घने कोहरे में ही एक सौ से अधिक की संख्या में लोग बैंक पर पहुंच गए थे। लोग बैंक खुलने से पांच घंटे पहले ही आकर लाइन में लग गए थे।
महिला ग्राहकों की भी संख्या अधिक थी। इनमें से किसी को शादी के लिए तो किसी को दवा, इलाज के लिए रुपये चाहिए थे। करीब 10:30 बजे जब शाखा प्रबंधक सुशील विसला ने लोगों को बताया कि आज बैंक के पास कैश नहीं है। लिहाजा आज किसी को भुगतान नहीं किया जा सकता।
इनमें से अगर किसी को पैसे जमा करने हैं तो कर सकते हैं। बाकी लोग घर जाएं। इतना सुनना था कि घंटों से लाइन में लगकर इंतजार कर रही महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। वे बैंक प्रशासन और सरकार के नोटबंदी के फैसले के विरोध में नारे लगाते हुए बैंक के सामने सड़क पर आकर बैठ गई। दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर तकरीबन एक घंटे बाद जाम को समाप्त करवाया। उधर यूबीआई की पुरानीबाजार बदलापुर शाखा में भी कैश नहीं आया।बैंक में जमा किए गए कुछ रुपयों से कुछ लोगों को भुगतान जरूर किया गया। उधर खेतासराय में ओरियंटल बैंक की शाखा में कैश न होने की बात सुनकर ग्राहक
आक्त्रसेशित हो गए। ।नारेबाजी करते हुए उपभोक्ताओं ने शाखा में ताला बन्द कर दिया। बाद में पुलिस के समझने बुझाने पर उपभोक्ता शांत हुए। इस दौरान सुबह 10 से 11 बजे तक बैंक के सामने आवागमन बाधित रहा । उधर दोपहर एक बजे क़स्बे के यूनियन बैंक में कैश न होने की बात सुनकर ग्राहक आक्त्रसेशित हो गए । मुख्य मार्ग पर आधा घण्टा तक नारेबाजी करते रहे। बाद में पुलिस के समझाने और दो-दो हज़ार कैश देने के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ।