केराकत विधानसभा सीट से वर्ष 2017 में भाजपा से दिनेश चौधरी विधायक बने। वह पांच सालों में क्षेत्र के विकास में अपनी उपलब्धियों को गिनाते हुए बताते हैं कि केराकत को आदर्श विधानसभा बनाने का सपना था, जिसके लिए पूरे मनोयोग से क्षेत्र को विकास करने में जुटा रहा। इस दौरान अग्निशमन केंद्र, राजकीय विद्यालय की स्थापना, कृषि विज्ञान केंद्र, पुल निर्माण, सड़क निर्माण, चौराहों का सुंदरीकरण, धर्म स्थलों का सुंदरीकरण, स्टेडियम निर्माण, गोशाला निर्माण, नहरों की सफाई, रोडवेज बसों का संचालन कराने सहित तमाम विकास कार्य कराने में अपनी पूरी निधि विकास कार्यों में लगा दिया, लेकिन कोरोना के कारण निधि कम मिलने से समुचित विकास नहीं कर पाने का अफसोस है। जनता के बीच रहकर कार्य किया, लेकिन अभी कई विकास कार्य कराना बाकी है। वहीं सपा के पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने इसे निराधार बताया। कहा कि चुनाव जीतने के बाद भले ही वे अपने निधि को पूरा खर्च कर दिए हो, लेकिन कोई बड़ा काम नहीं किया गया है, जिसका जनता से सीधे सरोकार हो और उस बताया जा सके। काम कम बातें ज्यादा किया है। दूसरे के कार्यों को अपना कार्य बताना इनकी आदत में शुमार है। पक्षपाती रवैए से लोगों में आक्रोश है।
विधायक का दावा
कोरोना के कारण तेजी से नहीं हो पाया विकास
विधायक दिनेश चौधरी ने कहा कि कोरोना के कारण बजट कम मिला, जिससे तेजी से क्षेत्र का विकास नहीं हो पाया। फिर भी विकास के लिए सदैव तत्पर रहा। पांच साल में कुल आठ करोड़ रुपये निधि मिली थी, इसके अलावा भी अन्य माध्यमों से धन लाकर पूरे क्षेत्र में समुचित विकास करने का काम किया। पूरी धनराशि को क्षेत्र के विकास में खर्च कर डाला, लेकिन अभी भी कई कार्य कराना बाकी रह गया, जिसमें केराकत नगर में रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कराना, चंदवक बाजार में महिला अस्पताल का निर्माण कराना, चंदवक को नगर पंचायत बनवाने, राजकीय आईटीआई कॉलेज का निर्माण कराने सहित कई कार्य कराना बाकी रह गया है।
विधायक ने गिनाई उपलब्धियां
- हुरहुरी में अग्निशमन केंद्र का स्थापना करवाया।
- गोमती नदी पर मई पसेवा घाट पर पुल और बेहडा व सरोज बड़ेवर के गोमती नदी घाट पर पीपा पुल का बनवाया।
- सीएचसी केराकत में ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कराया।
- कसली गांव में विद्युत सब स्टेशन का निर्माण कराया।
- हरिहरपुर में स्थित बाबा कीनाराम की समाधि व तपोस्थली का सुंदरीकरण कराया।
- रामगढ़ गांव के आदि गंगा गोमती के तट पर स्थित श्री बाराकोट तीर्थ धाम का सुंदरीकरण कराया।
- कोईलारी, हिसामपुर व चंदवक होते हुए वाराणसी जाने के लिए रोडवेज बस चलवाया
- सरौनी पूरब पट्टी गांव में गोशाला का निर्माण कराया
- केराकत व डोभी में गोमती नदी के किनारे अश्मशान घाट का निर्माण कराया।
- प्रतिद्वंदी की बातें
- दूसरों के कराए कार्यों को अपना बताना आदत में शुमार
- सपा नेता पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने कहा कि पांच साल में कोई ऐसा बड़ा विकास कार्य नहीं किया गया है, जिसे बताया जा सके। चुनाव जीतने के बाद विधायक की ओर से काम कम बातें ज्यादा किया गया है। दूसरे की ओर से कराए गए कार्यों को अपना कार्य बताना यह इनकी आदत में शुमार है। वे जाति पूछ कर कार्य करते हैं। इस पक्षपाती रवैए के चलते लोगों में काफी आक्रोश ब्याप्त है। कोई ऐसा गांव नहीं है, जहां गोलबंदी नहीं किए हों।
प्रति द्वंद्व ने जड़े आरोप
- दूसरे के कार्यों को अपना बताना, पुराने कार्यों को पूरा कराकर अपना बताना है आदत में शुमार।
- क्षेत्र में कोई भी बड़ा कार्य ऐसा नहीं हुआ, जिसे बताया जा सके और जो जनता के सरोकार से जुड़ा हो।
- राजकीय महाविद्यालय महाविद्यालय व राजकीय बस डिपो की स्थापना नहीं होना।
- क्षेत्र में अभी भी गड्ढायुक्त सड़कें हैं, जिससे आवागमन में हो रही दिक्कत।
वोटर बोले
- विधायक ने सबका विकास व सबका साथ के तर्ज पर विकास कार्य करा रहे हैं। क्षेत्र में कुछ ऐसे विकास कार्य किये गए हैं, जो किसी भी जनप्रतिनिधि ने नहीं किये थे। उनके खुद के प्रयासों से क्षेत्र की कई समस्याएं भी हल हुई हैं । विधायक हमेशा जनता के बीच रह कर काम कर रहे हैं, जिससे जनता की समस्याएं भी समय से निस्तारित हो जा रही है। - अखिलेश कुमार मौर्य , प्रधान सिझवारा
- जिस तरह केन्द्र व प्रदेश सरकार सिर्फ जुमले बाजी करने में माहिर है। ठीक उसी तरह हमारे यहां के विधायक भी जुमले बाजी में माहिर हैं। गांवो में जो काम ग्राम पंचायत ,जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सहित मनरेगा आदि योजनाओं से हुए हैं। उसे भी वह अपना काम बताकर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। जाति पूछ कर काम करते हैं। - अजय चौहान पेसारा
प्रमुख इलाके : केराकत, मुफ्तीगंज, देवकली, थानागद्दी, चंदवक, कोईलारी, पतरही, अमिहित, बजरंगनगर, खुज्झी, बेलावं, सरकी
फैक्ट फाइल : कुल मतदाता- 414291, पुरूष मतदाता- 214334, महिला -199933, थर्ड जेंडर मतदाता- 24, कुल मतदेय स्थल- 488, मतदान केंद्र- 287