जौनपुर। जनपद में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर हर घर पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य है। इसके लिए 10 लाख तिरंगा प्रशासन तैयार कराने की तैयारी में लगा है। इस कार्य में जेल के बंदियों से भी मदद ली जाएगी, जो जेल के अंदर मौजूद छह सिलाई की मशीनों से राष्ट्रध्वज तिरंगा तैयार करेंगे। इसके लिए प्रशासनिक स्तर से तैयारी भी शुरू हो चुकी है।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारी है। इसके तहत, 11 से 17 अगस्त तक समस्त कार्यालय, दुकान, प्रतिष्ठान और जनपद के विभिन्न स्थानों पर तिरंगा झंडा फहराया जाना है। इसके लिए बीते माह जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बैठक भी की थी, जिसमें उन्होंने समस्त एनजीओ, व्यापार संघ के सदस्य सहित समस्त जनपदवासियों से आग्रह किया कि स्वयं के स्वैच्छिक अनुदान से हर घर तिरंगा कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करें। इसके लिए समस्त एनजीओ ऑर्गेनाइजेशन से कार्य योजना लिया जा रहा है ताकि शासन के लक्ष्य को पूरा किया जा सके। वहीं, इस कार्य को लेकर प्रशासन ने जेल के प्रशासन से भी बात की है। एक दिन पहले निरीक्षण के दौरान इसे लेकर चर्चा भी हुई। इसमें जेल के बंदियों द्वारा सिलाई के प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी हुई तो उनसे ऐसे बंदियों को राष्ट्रध्वज बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। इस पर आधिकारिक सहमति बन गई है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, महिला-पुरुष मिलाकर 10 बंदी इस काम में लगाए जाने हैं। यह कार्य भी शीघ्र ही शुरू कराया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन स्तर पर कपड़ा भी उपलब्ध कराया जा रहा है। झंडे का आयताकार में तैयार करेंगे, जिसकी लंबाई छह फीट और चौड़ाई दो फीट होगी।
जेल के बंदियों से भी तिरंगा तैयार कराया जाएगा। इसके लिए जेल अधीक्षक से भी बात हो चुकी है। उन्हें कपड़ा भेजवाया जा रहा है, ताकि समय से बंदी तिरंगा को तैयार कर सकें। - रजनीश राय, अपर जिलाधिकारी भू-एवं राजस्व