नगर के विसर्जन घाट पर छठ पूजा के बाद नगर पालिका परिषद जौनपुर ने कराई साफ-सफाई। संवाद
जौनपुर। चार दिवसीय छठ पूजा का समापन मंगलवार को हुआ। पूजा के बाद जब श्रद्धालु अपने-अपने घर लौटे, तो घाटों पर पूजन सामग्री, माला-फूल, केला, नारियल, दोना-पत्तल और पॉलिथीन बिखरी रह गईं। इनकी नगर पालिका परिषद की ओर से सफाई कराई गई।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पवन कुमार के निर्देश पर सफाई कर्मियों को लगाया गया। सफाई निरीक्षकों की देखरेख में सफाई कर्मियों की कई टीमों ने सुबह से ही कार्य प्रारंभ किया। घाटों पर जमा कचरे, फूल-मालाओं, पूजन सामग्री और पॉलिथीन को एकत्र कर निस्तारित किया गया। नगर पालिका ने इसके लिए अतिरिक्त मजदूरों और वाहन की व्यवस्था भी की।
सफाई कर्मियों ने नगर के प्रमुख घाटों जैसे गोपी घाट, विसर्जन, हनुमान घाट, छोटी काशी, नईगंज घाट आदि पर विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया। घाटों पर छिड़काव कर दुर्गंध दूर करने की भी व्यवस्था की गई। इस अभियान से घाटों की सुंदरता लौट आई।
स्वच्छता हमारी प्राथमिकता है। आमजन से आग्रह है कि धार्मिक अनुष्ठान के बाद पूजा सामग्री को सीधे नदी में न डालें, बल्कि निर्धारित स्थानों पर रखें, जिससे पर्यावरण व जल प्रदूषण से बचा जा सके।
-पवन कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद जौनपुर।