जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता हुई बैठक में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी पर चर्चा हुई। पुलिस लाइन से पदयात्रा निकलेगी। डीएम डाॅ. दिनेश चंद्र ने बताया कि 31 अक्तूबर को सुबह 8 बजे बजे से पदयात्रा पुलिस लाइन से शुरू होकर विकास भवन पहुंचेगी। यहां वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। तहसीलों में भी पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। समस्त कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी पदयात्रा में प्रतिभाग करेंगे। पदयात्रा में मुख्य अतिथि जनपद गाजीपुर की राज्यसभा सांसद डाॅ. संगीता बलवंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा निकाली जाएगी। स्वच्छता अभियान, सरदार पटेल की विरासत पर सेमिनार व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। स्वच्छ पेयजल, मोबाइल शौचालय व एंबुलेंस की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर सीडीओ ध्रुव खाड़िया, सीएओ डॉ. लक्ष्मी सिंह, डीडीओ, उपायुक्त मनरेगा, बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल आदि उपस्थित रहीं।