सुईथाकला। सरपतहां थाना क्षेत्र के लालापुर गांव स्थित शारदा सहायक नहर के पास मंगलवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर सेब से लदी पिकअप लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेरेबंदी की, लेकिन बदमाशों का कहीं सुराग नहीं लगा।
सुल्तानपुर के कुरवार इमामगंज निवासी मो. सरताज पिकअप पर सेब लादकर मऊ जा रहा था। रात करीब साढ़े 11 बजे लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर सरपतहां थाना क्षेत्र के लालापुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर गाड़ी रोक ली। चालक को मारापीटा और गाड़ी से नीचे उतार दिया। इसके बाद पिकअप लेकर फरार हो गए। चालक ने इसकी सूचना 112 नंबर पर दी। सरपतहां समेत सर्किल के सभी थानों की पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। सीओ शाहगंज जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि सेब लदी पिकअप लूट की सूचना मिलने पर बदमाशों की धरपकड़ के लिए काफी प्रयास किया गया, मगर सफलता नहीं मिली। मामले की जांच की जा रही है।