जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के सोहनी गांव स्थित गेहूं के खेत में मिले शव को लेकर पुलिस उलझी हुई है। वहीं, लोग शव की स्थिति को देखने के बाद घटना को आशनाई से जोड़कर चर्चा कर रहे हैं। पुलिस पहले मृतक की पहचान करने की कोशिश में लगी हुई है। जौनपुर और वाराणसी जनपद के आसपास कई गांवों में पुलिस गई लेकिन देर शाम तक नाकाम रही। जांच से यह बात सामने आ रही है कि हत्यारे युवक को किसी कीमत पर जिंदा नहीं छोड़ना चाह रहे थे। इसके लिए वह खेत में भी ईंटों से वार किए।
जांच में यह बात सामने आ रही है कि शव को सड़क से घसीटकर ले जाया गया है। सड़क से लेकर खेत कर जगह-जगह रुद्राक्ष की माला गिरी थी, जिसमें खून लगे थे। उसके सीने और पेट को जलाने की कोशिश की गई थी। हत्यारों की संख्या तीन-चार रही होगी, क्योंकि खेत में गेहूं की फसल काफी दूर तक रौंद उठी थी। हत्यारों ने ईंट से कई वार किए थे। मृतक के गले में सोने की चेन और हाथ में घड़ी पड़ी थी, जिसे हत्यारों ने नहीं निकाला था।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे
जौनपुर। पुलिस ने सोहनी गांव से वाराणसी और थानागद्दी जाने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। टीम ने सोमवार की शाम तक तीन सीसीटीवी कैमरों को खंगाला था। साथ ही आसपास के रहने वालों लोगों से भी पूछताछ कर रही है। इस मामले में सीओ शुभम तोदी का कहना है कि दो टीम बनाकर मामले की पड़ताल की जा रही है। साथ ही वाराणसी से सटे गांवों में भी एक टीम भेजी गई है। मृतक की फोटो के साथ। बताया की जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
सड़क से गेहूं के खेत तक घसीटा गया है शव
जौनपुर। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि हत्यारों ने सड़क से गेहूं के खेत तक शव को घसीटकर लाया, जहां उसे जलाने की कोशिश की। केराकत कोतवाल लक्ष्मण पर्वत ने बताया कि मृतक के चेहरे पर ईंट से कई बार प्रहार किया गया। उसे सड़क से घसीटते हुए गेहूं के खेत में लाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। पहचान छुपाने के लिए शव को जलाने का भी प्रयास किया गया। युवक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।