करंजाकला। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिकीय विज्ञान संस्थान में संचालित पाठ्यक्रमों की बढ़ी फीस के मामले पर विश्वविद्यालय प्रशासन फिर से विचार करेगा। विश्वविद्यालय फीस के मामले को फिर से वित्त समिति में रखेगा।
रज्जू भैया संस्थान में फीस बढ़ने की खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने बढ़ी फीस को लागू नहीं किया। इस पर पुनर्विचार करने का निर्णय लिया है।
पूर्व में हुई वित्त समिति की बैठक में सत्र 2025–26 से रज्जू भैया संस्थान के पाठ्यक्रमों की फीस में वृद्धि करने का निर्णय लिया था।
संकाय भवन में संचालित एमएससी बायोटेक्नोलॉजी, बायोकेमेस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी और पर्यावरण विज्ञान जैसे पाठ्यक्रमों की फीस पहले से अधिक थी। जबकि रज्जू भैया संस्थान में संचालित एमएससी भौतिकी विज्ञान, गणित, केमिस्ट्री और जियोलॉजी पाठ्यक्रमों की फीस काफी कम थी विश्वविद्यालय ने फीस में असमानता को दूर करने का निर्णय लिया था।
रज्जू भैया संस्थान के पाठ्यक्रमों की फीस 22,100 रुपये थी, लेकिन इसे बढ़ाकर 34 हजार रुपये कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त परीक्षा शुल्क 4000 रुपये, नामांकन शुल्क 200 रुपये, खेलकूद शुल्क 150 रुपये, छात्र कल्याण शुल्क 100 रुपये और उपाधि शुल्क 200 रुपये तय किया गया।
नई फीस दर नए प्रवेश लेने वाले छात्रों को 38650 रुपये का भुगतान करना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन बढ़ी हुई फीस के मामले को अगले सप्ताह होने वाली वित्त समिति की बैठक में रखने की तैयारी कर रहा है।