केराकत के शेखजादा मोहल्ले में सोमवार की रात चोरों ने कई जगह चोरी का प्रयास किया। चोरी के प्रयास की घटना कस्बे में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। मोहल्ले वासियों ने कोतवाली पुलिस में संयुक्त रूप से तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बाजारवासी प्रतिमा, रागिनी, सोनी और विशाल ने कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर में पुलिस को बताया कि कस्बे में जीवन ज्योति हॉस्पिटल के सामने से नार्मल मैदान को जाने वाले इंटरलॉकिंग सड़क पर नगर पंचायत की नाली के मेन होल पे रखी दो जालियां गायब दिखीं। जीवन ज्योति हॉस्पिटल के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा गया तो रात करीब 1 से 1:20 बजे के बीच एक आदमी जाली उठाते दिखा।
जाली को साइड में रखने के पश्चात जीवन ज्योति हॉस्पिटल के मेन गेट पर चढ़कर अंदर आने का प्रयास किया, परंतु वह गेट से गिर गया। उसके बाद हॉस्पिटल के सामने बने पार्किंग लॉन का गेट खोलकर अंदर गया। उसकी पूरी गतिविधि सीसीटीवी में कैद हो गई है। इस घटना की रिकार्डिंग पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। केराकत कोतवाल अवनीश कुमार राय ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।