उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बुधवार को जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। वह विशेष सैलून से वाराणसी जा रहे थे। अचानक जंघई स्टेशन पर उतर पड़े। इस दौरा गंदगी देखकर भड़क गए और स्टेशन अधीक्षक से सफाई व्यवस्था ठीक कराने को कहा।
महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा का जंघई स्टेशन पर रुकने का कोई कार्यक्रम नहीं था। 11 बजे उनका विशेष सैलून स्टेशन पर पहुंचा तो वह स्टेशन पर उतर पड़े। उनके साथ डीआरएम उत्तर रेलवे लखनऊ एसएम शर्मा भी थे। उन्होंने जंघई स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म नंबर दो और तीन पर हो रहे विस्तारीकरण कार्य का निरीक्षण किया।ओवरब्रिज, पावर केबिन, आरपीएफ बैरक, महिला-पुरुष वेटिंग हाॅल का भी जायजा लिया। सर्कुलेटिंग एरिया व प्लेटफॉर्म पर गंदगी देखने पर नाराजगी जताई।
प्लेटफार्म नम्बर एक पर उखड़ी टाइल्स का कारण पूछा। पावर केबिन के बगल सुलभ शौचालय बनाने, महिला पुरुष वेटिंग हॉल चालू करने, पुराना आरक्षण काउंटर को नया और बड़ा बनाने, प्लेटफाॅर्म एक पर बिछ रही रेल पटरी का काम तेज करने व सर्कुलेटिंग एरिया में लगे हाई मास्ट चालू करने के निर्देश दिए। वह लगभग एक घंटे स्टेशन पर रुके और 12 बजे उनका सैलून वाराणसी के लिए रवाना हो गया। मौके पर प्रभारी स्टेशन अधीक्षक मुरारी कुमार, डिप्टी एसएस मुकेश कुमार, आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार व विद्युत इंचार्ज दिनेश कुमार पांडेय मौजूद रहे।