जौनपुर। चंदवक पुलिस ने वाहन चोरी के चार आरोपियों को सोमवार रात गिरफ्तार कर दो कार और एक बुलेट बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नंबर प्लेट बदलकर गाडि़यां बेच देते थे। उन्हीं पैसों से फिर, विलासिता के शौक पूरे करते थे। एएसपी सिटी डा. संजय कुमार के मुताबिक बरामद गाडि़यों की कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
एएसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने हिसामपुर दलित बस्ती के पास स्थित बगीचे से सोमवार की रात साढ़े दस बजे चार आरोपियों को गिरफ्तारी कर लिया। उनके पास से चोरी की दो कार और एक बुलेट बरामद हुई। एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गया। पूछताछ में पता चला कि आदित्य सिंह निवासी चांदमारी, वीडीए कालोनी थाना शिवपुर, जनपद वाराणसी गिरोह का सरगना है। उसने बताया कि दूसरे राज्यों और जिलों से गाडि़यां चोरी करके नंबर प्लेट बदल देते थे। इसके बाद कम दामों में बेचकर विलासिता के शौक पूरे करते थे। बरामद कारें सादात, गाजीपुर और कैंट, वाराणसी से चोरी की गई थी। दोनों गाडि़यां नई हैं। बुलेट कोलकाता से चोरी की गई है। एएसपी सिटी ने बताया कि पुलिस की इस कामयाबी पर दस हजार इनाम देने की घोषणा की गई है। बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य सिंह के अलावा प्रदीप पटेल निवासी विसौरा थाना अदलहाट मिर्जापुर, हिमांशु सिंह चौहान निवासी वृंदावन जोरवट थाना बहरियाबाद, गाजीपुर और नीरज सिंह निवासी साई धाम कालोनी थाना शिवपुर जनपद वाराणसी शामिल हैं। जबकि जूली निवासी एस-2 /363 सिकरौल भोजूबीर वाराणसी फरार हो गया। इन सभी के खिलाफ जौनपुर और वाराणसी में एक-एक मुकदमे दर्ज हैं।