जौनपुर। कोरोना और लॉकडाउन के चलते ही भले ही कम कक्षाएं चली हों लेकिन पूर्वांचल विश्वविद्यालय पाठ्यक्रम में कटौती नहीं करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह बात स्पष्ट कर दी है कि परीक्षाएं पहले से तय पाठ्यक्रम के आधार पर समय से कराई जाएंगी। इसके साथ ही सेमेस्टर परीक्षा की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। उप मुख्यमत्री डॉ दिनेश चंद्र शर्मा के साथ बैठक के बाद परीक्षा जनवरी के प्रथम पखवाड़े तक कराने की योजना बनाई गई है।
कोरोना के असर से लॉक डाउन के चलते मार्च के बाद से ही सभी शिक्षण संस्थान बंद थे। इससे पढ़ाई ठप थी। बाद में ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की गई, मगर देर होने के कारण पूरा सत्र अव्यवस्थित हो गया है। इसके मद्देनजर यूपी बोर्ड ने पाठ्यक्रम में कटौती की है। कुछ विवि ने भी कोर्स कम करने की तैयारी की है। इसके चलते पूर्वांचल विवि से संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र-छात्रा भी कोर्स में कटौती की उम्मीद लगाए थे, लेकिन कुलपति ने इस बारे में अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य ने कहा कि विवि किसी तरह की कोर्स में कटौती नहीं करेगी। कोरोना काल में भी ऑनलाइन कक्षाएं सुचारू रुप से चलती रही हैं। अब ऑफलाइन कक्षाएं भी शुरू करा दी गई हैं, जिसमें 50 फीसदी से अधिक उपस्थिति हो रही है। समय से कोर्स पूरा कराकर पूर्व निर्धारित पाठ्यक्रम से ही परीक्षाएं कराई जाएंगी। उधर, विवि ने सेमेस्टर परीक्षाओं को भी जनवरी के प्रथम पखवाड़ा तक पूरा कराने की कवायद शुरू की है। पिछले दिनों विवि में समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा ने इस संबंध में कुलपति से इस बाबत चर्चा की थी। विवि प्रशासन की ओर से जनवरी तक परीक्षा कराने की योजना बताई गई, जिस पर ने इसे अतिशीघ्र पूरा कराने को कहा। इसके बाद अब प्रथम पखवाड़ा तक परीक्षा करा लेने की रूपरेखा बनाई जा रही है।