मल्हनी। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने तीन महाविद्यालयों के संकलन केंद्रों में बदलाव किया है। संबंधित महाविद्यालयों की ओर से दिए गए आवेदनों पर विचार करने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए केंद्र निर्धारित किए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने आदेश जारी किया है।
नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। जारी आदेश के अनुसार जनभारती महाविद्यालय, डिलिया तलवल, गाजीपुर का पूर्व निर्धारित संकलन केंद्र राजकीय महिला महाविद्यालय, गाजीपुर था। इसे बदलकर अब पीजी कॉलेज, गाजीपुर को नया संकलन केंद्र बनाया गया है।
इसी तरह धनेश्वर यादव महिला महाविद्यालय, मोकलपुर, नेवादा, जौनपुर का संकलन केंद्र पहले टीडी कॉलेज, जौनपुर था। अब इसकी जगह आरएसकेडी महाविद्यालय, जौनपुर को नया केंद्र निर्धारित किया गया है। वहीं, स्व. बहादुर सिंह महाविद्यालय, बनकट, जौनपुर का पूर्व निर्धारित संकलन केंद्र मड़ियाहुं महाविद्यालय जौनपुर था। विश्वविद्यालय ने इसमें बदलाव करते हुए नागरिक पीजी कॉलेज, जंघई जौनपुर को नया संकलन केंद्र बनाया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित महाविद्यालयों और नए संकलन केंद्रों को संशोधित व्यवस्था के अनुसार परीक्षा संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि कुलसचिव, वित्ताधिकारी, कुलपति कार्यालय, वेबसाइट एवं मीडिया प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।