फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेरह साल इंतजार के बाद शहर को मिला कूड़ा निस्तारण प्लांट

विज्ञापन
कुल्हनामऊ स्थित कूड़ा निस्तार केंद्र का उद्घाटन करते मंत्री आशुतोष टंडन। संवाद - फोटो : JAUNPUR
विज्ञापन
जौनपुर। कचरा और गंदगी से जूझते शहर को तेरह वर्षों के लंबे इंतजार के बाद बृहस्पतिवार को कूड़ा निस्तारण प्लांट की सौगात हासिल हुई। करीब 12.20 करोड़ रुपये की लागत से बने प्लांट का प्रदेश के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव और नगर पालिका अध्यक्ष माया टंडन ने संयुक्त रूप से लोकार्पण किया। प्लांट में रोजाना सौ टन कूड़े को खाद में बदलने की क्षमता है। फिलहाल शहर से 97 टन कूड़ा निकलता है। माना जा रहा है कि इस प्लांट के चालू होने से शहर को कूड़ा निस्तारण की जटिल समस्या से निजात मिलेगी।
विज्ञापन

सीएनडीएस के माध्यम से कुल्हनामऊ में कूड़ा निस्तारण प्लांट का निर्माण वर्ष 2008 से शुरू हुआ था। कभी बजट की कमी तो कभी अन्य तकनीकी दिक्कतों से लगातार काम बाधित होता रहा। इसी वर्ष जनवरी में इसे अंतिम रूप दे दिया गया। तब से ही लोग इसके उद्घाटन की बाट जोह रहे थे। बृहस्पतिवार की दोपहर पहुंचे नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार व गरीबी उन्मूलन मंत्री आशुतोष टंडन ने आवास एवं शहरी नियोजन राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव और नगर पालिका अध्यक्ष के साथ संयुक्त रूप से प्लांट का लोकार्पण किया। एटूजेड कंपनी के एमडी अमित मित्तल से प्लांट की कार्यविधि जानी। इसे चलवाकर भी देखा। उन्होंने इससे शीघ्र कूड़ा निस्तारण का कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। कहा कि अगर जरुरत पड़े तो आसपास की निकायों का भी कूड़ा यहां उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए पूरी रुपरेखा तैयार कर लें। उन्होंने शहर से कूड़ा संकलन व ढुलाई के बारे में भी जानकारी ली। प्लांट में पौधरोपण भी किया। उद्घाटन के मौके पर डीएम मनीष कुमार वर्मा, सीआरओ राजकुमार द्विवेदी, सीएनडीएस के जीएम नवीन अग्रवाल, परियोजना प्रबंधक एमएन यादव, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन दिनेश टंडन, ईओ संतोष कुमार मिश्र, प्लांट हेड रमेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
----
स्वच्छता सबकी जिम्मेदारी, सिर्फ प्रशासन की नहीं
- नगर विकास मंत्री ने शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने में मांगा जनसहयोग
- कहा: प्लास्टिक के प्रयोग से बचें, थैला लेकर घर से निकलें
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने प्रदूषण रोकने और गंदगी से निजात के लिए जनसहयोग का आह्वान किया है। शहर के इंग्लिश क्लब में 20 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक हर व्यक्ति का यह लक्ष्य नहीं होगा, गंदगी से हमें पूर्ण निजात नहीं मिल पाएगी।
विज्ञापन

कुल्हनामऊ में कूड़ा निस्तारण प्लांट के उद्घाटन के बाद इंग्लिश क्लब में आयोजित सभा में नगर विकास मंत्री ने प्लास्टिक के इस्तेमाल से परहेज की भी अपील की। कहा कि प्लास्टिक की चीजों से पूरी तरह परहेज करें। हम अपनी दैनिक प्रयोग में आने वाली चीजों, जैसे दूध और जल को भी पॉलीबैग में पैक करने लगे हैं। शहरों में फल और सब्जियां भी प्लास्टिक में ले जाते है, इससे हमें बचना चाहिए। हम सामान की अधिक कीमत भी चुकाते हैं और प्रदूषण फैलाने के कारक भी बनते हैं। खरीदारी के लिए घर से जाएं तो झोला ले जाना न भूलें। हमें इसे आदत में डालना होगा। अपने शहर को स्वच्छ बनाना हम सबकी जिम्मेदारी होनी चाहिए, सिर्फ प्रशासन की नहीं। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि जीवन स्तर के उच्च मानकों के स्थापित होने से जनसंख्या में वृद्धि के साथ ही निकलने वाले ठोस अपशिष्ट की मात्रा में भी वृद्धि हुई है। इसी तरह कचरा बढ़ता रहा तो एक दिन इसे नियंत्रित करना मुश्किल हो जाएगा इसलिए ठोस कचरा प्रबंधन कचरे के हानिकारक प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिला महामंत्री सुशील मिश्र, पीयूष गुप्ता, मनोज दुबे, अमित श्रीवास्तव, राजू दादा, कमला सिंह, श्याम मोहन अग्रवाल, अजय सिंह, मनीष श्रीवास्तव, नंदलाल यादव, आमोद सिंह, ओमप्रकाश सिंह, विनीत शुक्ला आदि मौजूद रहे।
ऊपर टंगी थी होर्डिंग, फिर दो गज ही दूरी थी न मास्क
जौनपुर। इंग्लिश क्लब में कार्यक्रम के दौरान अजब नजारा देखने को मिला। मंच के ठीक सामने कोरोना से बचाव के लिए दो गज की दूरी-मास्क है जरुरी का होर्डिंग लगा था, जबकि इसी के ठीक नीचे बैठे पार्टी कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों के चेहरे पर न मास्क था और न ही दो गज की दूरी। कुर्सियां एक-दूसरे से सटाकर लगी थी। पहली पंक्ति में बैठे लोग भी बिना मास्क के थे। यह दृश्य देख हर कोई हतप्रभ था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें