जौनपुर। जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शीघ्र ही दौरा हो सकता है। मुख्यालय से इसके संकेत मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। उनकी प्राथमिकता वाले कार्यों को रफ्तार देने में जिम्मेदार जुट गए हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सीएम कब आएंगे, मगर यह माना जा रहा है कि इसी माह के अंत या अक्तूबर के प्रथम सप्ताह तक वह जरुर आएंगे।
जिले की मल्हनी सीट पर उपचुनाव प्रस्तावित है। भाजपा इस सीट पर अब तक हमेशा से बैकफुट पर ही रही है। यहां आज तक भाजपा का कमल नहीं खिला है। वर्ष 2017 के चुनाव में पार्टी चौथे स्थान पर पहुंच गई थी। इस बार केंद्र व प्रदेश की सत्ता में होने के कारण भाजपा ने इस सीट को जीतने पर एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। यही कारण है कि पिछड़े वर्ग के मतदाताओं की बहुलता वाली सीट का प्रभारी बनाकर अनिल राजभर को जिले में भेजा गया है। राजभर लगातार जिले में ही कैंप किए हुए हैं। अलग-अलग इलाकों में जाकर कार्यकर्ताओं की टोह ले रहे हैं।
उनमें जोश भर रहे हैं। दो दिन पहले ही एक सभा में उन्होंने भी कहा था कि मुख्यमंत्री तीन-चार दिनों में जौनपुर आने वाले हैं। मंगलवार को जिले में आए प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी का भी पूरा जोर मल्हनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सिकरारा और बक्शा ब्लाक में आने वाले गांवों के निरीक्षण पर ही रहा। समीक्षा के दौरान उन्होंने भी इस तरह के संकेत दिए। प्रभारी मंत्री के जाते ही अचानक से प्रशासनिक महकमे की हलचल बढ़ गई है। बुधवार को भी कई टीमें मल्हनी क्षेत्र से जुड़े इलाकों में भ्रमण कर अधूरे कार्यों का ब्योरा जुटाती रहीं।