जौनपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ से मतदान के बाद ईवीएम जमा करने जा रही पोलिंग पार्टी की बस हरिहरपुर नहर के पास खाई में पलट गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मतदानकर्मियों को ईवीएम सहित सुरक्षित निकाल कर स्ट्रांग रूम भेजने के लिए वाहनों की व्यवस्था में जुटी रही।
सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 291 से मतदान होने के बाद पोलिंग पार्टी को लेकर बस पूर्वांचल विश्वविद्यालय में बने स्ट्रांग रूम के लिए रवाना हुई। बस हरिहरपुर नहर के पास अचानक बंद हो गई। इसके बाद मतदानकर्मी और ग्रामीण बस को धक्का देने लगे इसी दौरान बस असंतुलित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में बस चालक शहर कोतवाली क्षेत्र के उर्दू बाजार निवासी कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एसएचओ देवानंद रजक ने अपने निजी वाहन से बस चालक को पीएचसी करंजकला भिजवाया। उन्होंने बताया कि ईवीएम सहित मतदानकर्मियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्हें स्ट्रांग रूम भेजवाने के लिए वाहन का इंतजार किया जा रहा है।