प्रमुख सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन, उत्तर प्रदेश शासन सदाकांत ने बुधवार को डीएम भानुचंद्र गोस्वामी के साथ शहर का भ्रमण किया। उन्होंने शहर में सड़क चौड़ीकरण और चौराहों के सुंदरीकरण के अलावा ऐतिहासिक इमारतों का भी
निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक इमारतों के जीर्णोद्धार के लिए बजट का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।
उन्होंने जिलाधिकारी के साथ लाइन बाजार, पालीटेक्निक चौराहा, सिटी स्टेशन, मछलीशहर पड़ाव, बदलापुर पड़ाव, कटघरा,
कोतवाली, बड़ी मस्जिद, भण्डारी स्टेशन, अहियापुर चौराहा, चौकियाघाम, पचहटिया तिराहा, सिपाह, जेसीज, रोडवेज, सिविल लाइन आदि क्षेत्रों में नाली निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक स्थलों शाहीपुल, शाही
किला का भी निरीक्षण किया। प्रमुख सचिव ने बताया कि शहर को सुंदर बनाने के लिए पूर्व जिलाधिकारी सुहास एलवाई एवं वर्तमान जिलाधिकारी भानुचन्द्र गोस्वामी ने बेहतर प्रयास किया है। बताया कि गत वर्ष सौंदर्यीकरण के लिए 30
करोड़ और इस वर्ष 60 करोड़ उपलब्ध कराया गया है। शहर को सुंदर बनाने के लिए धन की कमी नही है। आवश्यकता पड़ने पर 100 करोड़ रुपये और दिया जायेगा। पर्यटन के दृष्टिकोण से भी जौनपुर शहर को भी बढ़ावा दिया जायेगा।
उन्होंने डीएम कार्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। एक्सईएन जल निगम एमआई अंसारी ने बताया कि जल निगम द्वारा 794.44 लाख के सापेक्ष 397.22 लाख की धनराशि स्वीकृति की गई है।
रास्ते में विद्युत पोल व लाइन को स्थानांतरित करने के लिए एक्सईएन विद्युत वितरण खंड-तृतीय जौनपुर को 2 करोड़ 80 लाख 74 हजार 571 रुपया खर्च किया गया है। तिराहों एवं चौराहों की सड़कों की चौड़ीकरण के लिए 393.39 लाख रुपये
एक्सईएन प्रांतीय खंड-लोक निर्माण विभाग जौनपुर को उपलब्ध कराया गया है। जौनपुर-जफराबाद मार्ग, जफराबाद- बेलावघाट मार्ग नौ किलों मीटर सड़क एवं कबूलपुर बाजार से सिरकोनी बाजार तक पांच किलों मीटर सड़क मरम्मत कराने
का निर्देश दिया। डीएम को सिटी स्टेशन से नईगंज तथा कोतवाली से भण्डारी स्टेशन तक रोड लाइट लगवाने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी राम सिंह, नगर मजिस्ट्रेट उमाकान्त त्रिपाठी, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियन्ता अशोक कुमार मौजूद थे।