क्षेत्र के रतासी गांव स्थित अपने मायके आई 25 वर्षीय युवती का शव मंगलवार को पशुशाला में हुक के सहारे फंदे से लटकता मिला। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी रही।
पुलिस के अनुसार पीड़ित के पिता अच्छे लाल ने तहरीर में बताया कि प्रीति मौर्या (25) निवासी ग्राम रतासी, थाना सिंगरामऊ निवासी थी। वह बीफार्मा चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा थी। उसकी शादी नवंबर 2024 में दीपक मोर्य पुत्र उदय राज मौर्य निवासी ग्राम डडारी थाना सिंगरामऊ के साथ हुई थी। यह बीफार्मा की पढ़ाई सुल्तानपुर में किराए के कमरे में रहकर कर रही थी। घर में 11 मई को शादी थी।
उसी शादी में शरीक होने के लिए घर आई थी। सब कुछ हंसी खुशी चल रहा था।
मंगलवार को जब उसके दादा राम जी मौर्य अपनी पशुशाला में किसी कार्य के लिए गए तो वहां दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। प्रीति पशुशाला के अंदर छत से लगे लोहे के हुक से दुपट्टा के फंदे से लटक रही थी। वहां की स्थिति देखकर उन्होंने शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। फिर हुक से दुपट्टा खोलकर नीचे उतारे। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि वह छत के हुक तक कैसे पहुंची इसकी जांच की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा गया है।