सरपतहां थाना क्षेत्र के भुसौड़ी गांव में मंगलवार सुबह एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजन उसे शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार भुसौड़ी गांव निवासी 29 वर्षीय विकास सिंह मंगलवार सुबह सिंचाई करने खेत में गए थे। यहां कुछ हिस्से तक पानी नहीं पहुंचने पर दोबारा ट्यूबवेल चलाने गए। आशंका है कि इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए। काफी देर तक घर न पहुंचने पर छोटे भाई हिमांशु ने मौके पर जाकर तो देखा कि विकास अचेत है। स्थानीय लोग उसे शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाई ने बताया कि बारह साल पहले पिता की मौत के बाद विकास ही परिवार चलाते थे।
हिमांशु ने बताया कि वह गोरखपुर रहता है। विकास की मौत की सूचना से मां किरन और विकास की पत्नी अंकिता रो-रोकर बेहाल हो गई। बीते 18 फरवरी को ही विकास की शादी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।