गुलजारगंज के विजय दशमी मेले में उमड़ी भीड़। संवाद
- फोटो : doda news
सिकरारा। क्षेत्र के गुलजारगंज का ऐतिहासिक विजयदशमी मेला निर्धारित तिथि से एक दिन बाद शनिवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। चक्रवात के प्रभाव से मौसम खराब होने और लगातार बारिश के कारण मेला समिति ने कार्तिक कृष्ण पक्ष की पंचमी को लगने वाले मेले को एक दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया था। इसके चलते इस बार मेला षष्ठी तिथि को आयोजित हुआ। मेला समिति के सदस्य अशोक जायसवाल ने बताया कि करीब 90 वर्ष पहले टेकारी निवासी जमींदार स्व. गुलजार सिंह ने इस मेले की शुरुआत कराई थी। तब से करवा चौथ के बाद पंचमी को पारंपरिक रूप से इसका आयोजन होता आ रहा है। इस वर्ष लगातार बारिश के कारण निर्धारित तिथि पर मेला नहीं लग सका।
जौनपुर-रायबरेली राजमार्ग स्थित गुलजारगंज बाजार में आयोजित मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से मिठाई, खिलौने, कृषि यंत्र और सब्जियों के पौधों की दुकानें पहुंचीं। प्रसाधन सामग्री और चाट-नमकीन की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ रही, जबकि बच्चे खिलौने खरीदने में मशगूल रहे। सड़क पर भीड़ बढ़ने पर स्थानीय पुलिस यातायात व्यवस्था संभालती रही। देर शाम आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया।