रेलमंत्री से मिलने जा रहे किसान नेता अजीत सिंह को ग्रामीणों संग पुलिस ने कार्यालय पर रोका। संवा
- फोटो : doda news
चंदवक। औड़िहार-जौनपुर रेलखंड पर पूरनपुर गांव के पास अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलने जा रहे किसान नेता अजीत सिंह को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। शनिवार को वाराणसी और जौनपुर पुलिस ने ग्रामीणों व किसानों के साथ उन्हें चंदवक स्थित संगठन के कार्यालय में ही रोक दिया। रेलमंत्री से मुलाकात नहीं कर पाने पर किसान नेता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की आवाज को इस तरह दबाया नहीं जा सकता।
औड़िहार-जौनपुर रेलखंड पर पूरनपुर गांव के पास अंडरपास नहीं होने से आसपास के दस गांवों के हजारों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण लंबे समय से यहां अंडरपास बनवाने की मांग कर रहे हैं। किसान नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री, रेलमंत्री, वाराणसी मंडल के डीआरएम सहित संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा था। करीब छह माह पहले डीआरएम आशीष जैन ने तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था। इसके बाद भी निर्माण की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई।
शनिवार को वाराणसी में रेलवे विभाग के कार्यक्रम में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के शामिल होने की जानकारी पर किसान नेता ग्रामीणों के साथ उनसे मिलने जा रहे थे। इसकी जानकारी मिलते ही वाराणसी के चोलापुर के प्रभारी निरीक्षक एसआर गौतम, चंदवक थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ चंदवक स्थित संगठन कार्यालय पहुंचे और उन्हें वहीं रोक दिया। किसान नेता अजीत सिंह ने कहा कि उनकी आवाज को नजरबंद करके दबाया नहीं जा सकता।