नेवढि़या। थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर बाजार के समीप दोपहर लगभग तीन बजे पीर बाबा का दर्शन करने जा रहे एक ही गांव के 13 लोगों से भरी ऑटो पलटने से एक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने 108 एम्बुलेंस से रामपुर सीएचसी पर इलाज के लिए भेजकर कार्यवाही में जुट गई। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
वाराणसी जनपद के कपसेठी थाना अंतर्गत भरहरिया गांव से 13 लोग ऑटो रिक्शा पर सवार होकर जौनपुर के मडि़याहूं तहसील स्थित पीर बाबा का दर्शन करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही नेवढि़या थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर बाजार के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रही ट्रक को बचाने में दर्शनार्थियों से भरी आटो का चालक अनियंत्रित होगा हो गया। जिसके कारण ऑटो सड़क के पटरी पर एक व्यापारी द्वारा रखें गए बालू के ऊपर चढ़ गई, जिसके कारण ऑटो पलट गई। ऑटो पलटने से 30 वर्षीय मौलाना गुलाम सरवर की मौके पर मौत हो गई। जबकि ऑटो में सवार जमीला 32 वर्ष, आदित्य 7 वर्ष, सकीला 30 वर्ष, विजय 23 वर्ष घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में सभी को घायल समझकर एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। एबुंलेंस ने रामपुर सीएचसी पर ईलाज के लिए लाकर डॉक्टर को दिखाया जहां पर डॉक्टर ने मौलाना गुलाम सरवर को मृत घोषित कर दिया। वही सभी घायलों को प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि ऑटो में सवार बाकी 8 दर्शनार्थियों को मामूली चोटें आने पर दवा देकर छोड़ दिया गया। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष नेवढि़या विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।