जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर मोहल्ले में बुधवार को सवारियों से भरा टेंपो बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गया। हादसे में टेंपो सवार एक यात्री की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। सभी को आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। एक की हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। ट्रक लेकर चालक मौके से फरार हो गया।
सिपाह से सवारी लेकर टेंपो शाहगंज की तरफ जा रही थी। विशेषरपुर मोहल्ले में हीरो एजेंसी के समीप अचानक चालक ने नियंत्रण खो गया। बेकाबू टेंपो सड़क किनारे खड़े गिट्टी लदे ट्रक से टकरा गई । हादसे में टेंपो सवार संतोष कुमार निवासी कोहरौटी थाना खेतासराय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इंद्रदेव निवासी राजी धमुचा थाना गया बिहार, आशा देवी व सचिन यादव निवासी ताखा थाना शाहगंज, रामलखन निवासी महमूदपुर थाना बरसठी गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना पाकर शीतला चौकियां चौकी इंचार्ज विनोद कुुमार अंचल मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख सचिन यादव को डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। चौकी इंचार्ज विनोद कुमार अंचल ने बताया कि टेंपो को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक लेकर चालक फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।