जौनपुर के लाइन बाज़ार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर मोहल्ले में बुधवार को सवारियों से भरी टेंपो बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गया। हादसे में टेंपो सवार एक यात्री की मौत हो गई। चार अन्य यात्री घायल हुए। सभी को आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। एक की हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया गया।
सिपाह से सवारी लेकर टेंपो शाहगंज की तरफ जा रही थी। विशेषरपुर मोहल्ले में हीरो एजेंसी के समीप अचानक चालक का नियंत्रण खो गया। बेकाबू टेंपो सड़क किनारे खड़ी गिट्टी लदी ट्रक में भिड़ गई। हादसे में टेंपो सवार बैठे संतोष कुमार निवासी कोहरौटी थाना खेतासराय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इंद्रदेव निवासी राजी धमुचा थाना गया बिहार, आशा देवी व सचिन यादव निवासी ताखा थाना शाहगंज, रामलखन निवासी महमूदपुर थाना बरसठी गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना पाकर शीतला चौकियां चौकी इंचार्ज विनोद कुुमार अंचल मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख सचिन यादव को डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। चौकी इंचार्ज विनोद कुमार अंचल ने बताया कि टेंपो को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक लेकर चालक फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।