केराकत वाराणसी मंडल के अपर आयुक्त प्रशासन राकेश कुमार ने सोमवार को केराकत तहसील का निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रावलियों की जांच की और कई खामियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई। साथ ही दस दिनों के भीतर खामियों को दूर करने का निर्देश दिया।
अपर आयुक्त ने दाखिल-खारिज की लंबित पत्रावलियों का जायजा लेते हुए निर्देश दिया कि बिना आपत्ति वाले मामलों को 45 दिनों के भीतर निस्तारित किया जाए। उन्होंने रजिस्टर पर आदेशों का अंकन और खतौनी पर समय से आदेश दर्ज कराने पर जोर दिया।
साथ ही खतौनी दर्ज करने में लापरवाही पर कर्मचारियों को चेतावनी दी। तहसील परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए उन्होंने खतौनी जारी करने वाले कक्ष में किसानों के बैठने की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने अभिलेखागार में आग से बचाव के लिए लगाए गए अग्निशमन यंत्रों की स्थिति का भी निरीक्षण किया और अभिलेखों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय के रजिस्टर, तहसीलदार और एसडीएम कोर्ट में लंबित पुराने तीन मामलों का निरीक्षण कर तेजी से निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बार संघ अध्यक्ष सुभाष सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने अपर आयुक्त को पत्रक सौंपकर विभिन्न मांगों को रखा।
उन्होंने तहसील में अधिवक्ताओं और किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की।