जौनपुर। काशी विद्यापीठ वाराणसी में 78 शिक्षकों की सेवा बहाली और उनके वेतन भुगतान की मांग को लेकर जनपदीय अनुदानित महाविद्यालय अनुमोदित शिक्षक संघ नेे प्रदर्शन किया। टीडी कॉलेज के मुख्य द्वार पर काशी विद्यापीठ के कुलपति का पुतला फूंककर विरोध जताया।
शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार मिश्र ने कहा कि 13 मार्च को जारी शासनादेश से स्ववित्तपोषित योजना में कार्यरत शिक्षकों की सेवा पाठ्यक्रम के चलते रहने तक अथवा अधिवर्षता आयु तक हो गई है। स्थाई संबद्धता प्राप्त पाठ्यक्रमों में यह शिक्षक नियमित हो चुके हैं। उन्हें नियमित शिक्षकों की तरह सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए। शिक्षक संघ के संयोजक डॉ. देवेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण होने तक संघर्ष जारी रहेगा। शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. रेखा मिश्रा ने कहा कि काशी विद्यापीठ के कुलपति न्यायालय के आदेश और शासनादेश की अनदेखी कर रहे हैं। शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. पतिराम राव ने कहा कि अब यह लड़ाई केवल काशी विद्यापीठ की नहीं रह गई, बल्कि प्रदेश के सभी स्ववित्तपोषित योजना में कार्यरत शिक्षकों की है। प्रदर्शन में डॉ. ओमप्रकाश दुबे, चंद्रांबुज कश्यप, डॉ. त्रिपुरारी उपाध्याय, डॉ. संतोष कुमार पांडेय, डॉ. राम मोहन अस्थाना, डॉ. पवन सिंह, डॉ. गंगाधर, डॉ. मृत्युंजय मिश्र, डॉ. बृजेश चौबे, डॉ. रविंद्र तिवारी, डॉ. राजेश तिवारी, डॉ. अजय मिश्रा, डॉ पवन मिश्रा, डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव, डॉ. अनंत प्रकाश दुबे आदि शामिल रहे।