जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने पहुंचे शिक्षक।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनात लिपिकों की मनमानी के खिलाफ उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने सैैकड़ों की संख्या में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और डीएम को पत्रक सौंपकर एक लिपिक को तत्काल हटाए जाने की मांग की। कहा कि लिपिक द्वारा गलत तथ्य प्रस्तुत करते हुए माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड इलाहाबाद द्वारा चयनित शिक्षकों का वेतन अकारण रोक दिया गया है। यह लिपिक पांच से छह पटल का कार्य अकेले देखता है। जिलाधिकारी ने कार्रवाई किए जाने का आश्वासन शिक्षकों को दिया।
ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है। लिपिक करोड़ों की खेल खेल रहे हैं। अधिकारियों को गुमराह कर आदेश पारित करा दिया जाता है, जिससे लोगों का वेतन अवरुद्घ कर दिया जाता है। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, महामंत्री रमाशंकर पाठक, कोषाध्यक्ष ईश्वरलाल यादव, डा. शंकराचार्य तिवारी, डा. रमेश सिंह, डा. रामदेव मिश्र , अजय मिश्र, सोम वर्मा, संजय सिंह, अनिल कुमार उपाध्याय, मोहम्मद शाहिन, शिशिर यादव, बेदी सिंह, रामअवध आदि शामिल रहे।