करंजा कला, मृतक आसिफ की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया-गभिरन मार्ग पर रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक (22) की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पोटरिया गांव निवासी आशिफ पुत्र तुफैल बाइक से गभिरन की ओर जा रहा था। सल्लू शेख की बाग के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार जेसीबी से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जेसीबी का फ्रंट बकेट उसके शरीर में घुस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आशिफ को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा जेसीबी को भी जब्त कर लिया।
आशिफ का परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। करीब दस वर्ष पहले उसके पिता तुफैल लापता हो गए थे। इसके बाद मां यासमीन ने मेहनत-मजदूरी कर आठ बच्चों का पालन-पोषण किया। आशिफ तीन भाइयों और पांच बहनों में तीसरे नंबर पर था। कुछ दिन पहले ही बड़ा भाई रोजी-रोटी के लिए विदेश गया है। आशिफ अपने पीछे गर्भवती पत्नी सिम्पल और मासूम बेटी सनाया को छोड़ गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।