जौनपुर। विकासखंड सिरकोनी के प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा, परियांवा में कक्षा-2 के छात्र को कमरे में बंद छोड़ने के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर प्रधानाध्यापिका कृष्णा कुमारी और सहायक अध्यापिका महिमा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। बीईओ सिरकोनी की आख्या के अनुसार 17 जुलाई को सोशल मीडिया और ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि विद्यालय में कक्षा-2 का छात्र क्लास रूम के अंदर बंद रह गया है। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में प्रथम दृष्टया छात्र के कक्षा में बंद रह जाने की पुष्टि हुई। घटना के बाद छात्र के परिजनों ने विद्यालय के शिक्षकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इस घटना को लेकर क्षेत्र के अभिभावकों में काफी नाराजगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए ने संबंधित शिक्षिका को निलंबित करने का आदेश जारी किया। बीएसए ने बताया कि निलंबन अवधि के दौरान प्रधानाध्यापिका कृष्णा कुमारी को उच्च प्राथमिक विद्यालय परियावां (सिरकोनी) तथा सहायक अध्यापिका महिमा सिंह को परियावां (कुड़वां) से संबद्ध कर दिया गया है। उधर, बीएसए समीर ने खंड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर को पूरे मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जांच में दोषी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
मामले की जांच कराई जा रही है। लापरवाही बरतने वाली शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।-समीर, बीएसए