कुल्हनामऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। मल्हनी विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को कुल्हनामऊ स्थित सनबीम स्कूल परिसर में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने का मंत्र दिया। देश की सबसे बड़ी पार्टी से जुड़ा होने के गौरव की याद दिलाते हुए पूरी निष्ठा से लगकर कमल खिलाने की अपील की।
कार्यकर्ताओं की बैठक में सुनील बंसल ने कहा कि चुनाव जीतने का मूल मंत्र एक ही है बूथ जीतो और चुनाव जीतो। चुनाव में अगर आप जी जान से लग गए तो कोई ताकत हमें मल्हनी जीतने से नहीं रोक सकती। आप लोगों की परिश्रम से ही आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। उत्तर प्रदेश में 36 लाख की फौज कार्यकर्ता के रूप में हमारे पास है। मल्हनी में हमारे पास 8000 कार्यकर्ता हैं। फिर भी कहा जा रहा था कि भाजपा यहां चुनाव नहीं लड़ेगी। भाजपा ही वह पार्टी है, जहां कार्यकर्ता ही सब कुछ है। अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने की। चुनाव प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि इतिहास बनाने का अवसर आप लोगों को ऊपर वाले ने दिया है। अगर आप मल्हनी जीत गए तो 2022 का चुनाव जीतना आसान हो जाएगा। अतिथियों का सम्मान जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने किया। संचालन जिला उपाध्यक्ष सुनील तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष सुधाकर उपाध्याय ने किया। बैठक में जिला महामंत्री सुशील मिश्रा, पीयूष गुप्ता, अशोक मौर्या, रामसूरत बिंद, रवींद्र सिंह, राज पटेल, अभय राय,विजय लक्ष्मी साहू, आमोद सिंह आदि मौजूद रहे।
---
भाजपा के साथ है अल्पसंख्यक समाज: सैयद जफर इस्लाम
जौनपुर। मल्हनी से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित मुस्लिम बुद्धजीवी संगोष्ठी को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद सैयद जफर इस्लाम ने संबोधित किया। कहा कि मुस्लिम समुदाय के लिए केंद्र सरकार ने अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं, जिसका लाभ मुस्लिम समाज को मिल रहा है। विपक्षी पार्टियों ने केवल भाजपा के नाम पर मुसलमानों को डराने का काम किया है और वोट बैंक की राजनीति की। अब मुस्लिम समाज जागरूक हो गया है और खुलकर मोदी सरकार के साथ है। अध्यक्षता अल्पसंख्यक मोर्चा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैदर अब्बास चांद ने की। कार्यक्रम में काशी क्षेत्र के अध्यक्ष हाजी अनवार, रुसी भाई, आसिम अली, मनीष सेठी, मौलाना शकील, अब्दुल कलाम आदि मौजूद रहे। धन्यवाद जिलाध्यक्ष साकिब और संचालन काशी क्षेत्र के महामंत्री यासिर ने किया।