शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने को उत्तर प्रदेश सरकार प्रयासरत है, लेकिन विभाग के अध्यापक लापरवाह हैं। इंदिरा पूर्व माध्यमिक विद्यालय बुढुपुर के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय समय पर नहीं खुलने पर प्रदर्शन किया।
बुधवार सुबह जब विद्यालय में बच्चे पढ़ने के लिए पहुंचे तो विद्यालय का ताला नहीं खुला देख परिसर में ही इंतजार करने लगे। काफी समय बाद जब विद्यालय का ताला खोलने कोई शिक्षक नहीं आया तो विद्यालय पहुंचे छात्राओं ने अपने ही गुरुजनों के खिलाफ नाराज होकर नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन करने लगे। आरोप लगाया कि विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक समेत अध्यापकों का प्रतिदिन लेटलतीफी से विद्यालय आना दैनिक दिनचर्या हो गई है। बच्चों के साथ गांव के अन्य अभिभावक भी अपनी नाराजगी जाहिर किया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से समय पर विद्यालय खोलने और पठन पाठन का कार्य कराने की मांग किया है। इस संदर्भ में खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार वैश्य ने बताया कि उक्त विद्यालय पर प्रधानाध्यापक और वहां तैनात शिक्षकों के खिलाफ शिकायत मिली है मामले की जांच कर कार्रवाई किया जाएगा।