निगोह। बरसठी थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय महमदपुर में सोमवार को आठवीं के एक छात्र ने विषाक्त पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मडि़याहूं ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
प्रधानाध्यापक गुलाब चंद यादव के बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि छात्र सुबह घर से ही गेहूं में रखा जाने वाला विषाक्त पदार्थ लेकर स्कूल आया था। उसे पानी की बोतल में घोलकर पी गया। सहपाठी कुछ छात्रों की नजर पड़ गई तो उन्होंने कक्षाध्यापक को खबर दी। इस दौरान छात्र की हालत बिगड़ने लगी। उसे तत्काल बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मडि़याहूं ले जाया गया। जहां डाक्टरों के दवा देकर उल्टी कराने पर हालत में कुछ सुधार हुआ। बेहतर उपचार के लिए उसे जला अस्पताल रेफर कर दिया। स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रधानाध्यापक के मुताबिक परिजनों ने बताया कि पढ़ने के लिए डांटने पर उसने यह कदम उठाया। वहीं, थानाध्यक्ष राम सरिख गौतम ने इस तरह की घटना की जानकारी से इनकार किया है।