जौनपुर। शहर के रसूलाबाद स्थित रेलवे कॉलोनी में भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के दौरान शुक्रवार की शाम अराजकतत्वों ने पत्थरबाजी कर दी। पथराव में फिल्म में हीरोइन की सहेली का किरदार निभा रही सह कलाकार घायल हो गई। सिर में गंभीर चोट आने से अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी है। घटना से फिल्म के कलाकारों में भय बना हुआ है। शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में फिल्म की शूटिंग हुई।
वी प्रांजल फिल्म क्रिएशन के बैनर तले भोजपुरी फ़िल्म ‘मेरा भारत महान’ की शूटिंग पिछले दो सप्ताह से जिले में चल रही है। शुक्रवार को रसूलाबाद स्थित जौनपुर जंक्शन की रेलवे कॉलोनी में शूटिंग चल रही थी। इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी थी। देर शाम शूटिंग समापन से ठीक पहले भीड़ से किसी ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। एक पत्थर शूटिंग कर रहीं कलाकार मणि भट्टाचार्य के सिर पर लगा। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। मौके पर अफरातफरी मच गई। तत्काल सभी कलाकारों को घेरे में लेते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। घायल मणि का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। घायल मणि ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पूर्वांचल में फिल्म सिटी बनाने का प्रयास चल रहा है, मगर ऐसी घटनाओं से कलाकारों का हौसला टूटेगा। सत्यजीत राय व विपुल राय के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रवि किशन और पवन सिंह नायक की भूमिका में हैं। उनके साथ अंजना सिंह और गरिमा परिहार नायिका हैं। मणि भट्टाचार्य नायिका की सहेली की किरदार निभा रही हैं।